जखनिया बाजार में स्थित उत्तरी रेलवे केबिन का बंद पड़ा फाटक मंगलवार की दोपहर पिकअप के धक्के से टूट गया। जानकारी होने पर बिहार के सीतामढ़ी से आने वाली 14005 आनंद विहार दिल्ली लिच्छवी एक्सप्रेस को आटर सिग्नल के पास खड़ा कर दिया गया। गेटमैन ने टूटे हुए रेलवे फाटक को हटाने के बाद स्लाइडर खींचकर वैकल्पिक रेलवे फाटक के सहारे ट्रेन को आठ मिनट बाद गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
लिच्छवी एक्सप्रेस के आने का समय होते ही उत्तर रेलवे केबिन के फाटक को बंद कर दिया गया। इसी दौरान एक अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप फाटक को तोड़ते हुए फद्दुपुर के तरफ फरार हो गया। फाटक टूटने पर हड़कंप मच गया। तत्काल गेटमैन रामशीष चौहान ने रेलवे स्टेशन अधीक्षक को सूचित किया। वहीं मऊ जंक्शन से वाराणसी को ओर जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस जखनिया आउटर सिग्नल पर खड़ी हो गई। आठ मिनट तक तपती धूप में लिच्छवी एक्सप्रेस खड़ी होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तत्काल गेटमैन रामशीष चौहान ने टूटे हुए रेलवे फाटक को रेलवे पटरी से लोगों की मदद से हटाया और स्लाइडर खींच कर वैकल्पिक रेलवे फाटक के सहारे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया। शाम पांच बजे तक जखनिया फत्तूपुर मार्ग पूरी तरह से बाधित रहा। इधर रेलवे की टीम टूटे हुए बैरियर को बनाने में जुट हुई थी।