गाजीपुर। सैदपुर नगर पंचायत के दिन बहुरने वाले हैं। जलकल कार्यालय के भवन, डिजिटल लाइब्रेरी, गंगा घाटों, ओपन जिम व योगशाला का निर्माण होगा। निर्माण पर कुल 21.50 लाख रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत प्रस्ताव को शासन को भेजने की तैयारी है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू हो जाएगा।
नगरीय निकायों की सूरत बदलने व सुविधाओं को बढ़ाने के लिए शासन की ओर से मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना की शुरुआत की गई है। योजना के तहत विकास के कई बिंदुओं पर नगरीय निकायों से प्रस्ताव मांगा गया है। इसी क्रम में सैदपुर नगर पंचायत की ओर से भी प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। प्रस्ताव के तहत वार्ड नंबर 13 में स्थित जलकल परिसर में जलकल कार्यालय भवन का निर्माण होगा। इसी वार्ड में पुराने पंप हाउस के पास डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण होगा। साथ ही चार गंगा घाटों का निर्माण होगा। तीन ओपेन जिम व एक योगशाला का निर्माण होना भी प्रस्तावित है। टाउन नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान, वार्ड नंबर 11 में शीतला मंदिर के पास व थाना के पास स्थित पार्क में ओपेन जिम का निर्माण कार्य होगा। वहीं बूढ़े महादेव घाट, संगत घाट, वार्ड नंबर 15 में पीपा पुल के पास व सिद्धेश्वर महादेव घाट का निर्माण होगा। बूढ़े महादेव मंदिर के पास योगशाला का निर्माण होगा।
कार्यवार खर्च होने वाली धनराशि का विवरण
कार्य व्यय होने वाला धन
जलकल कार्यालय भवन 38.74 लाख
डिजिटल लाइब्रेरी 39.82 लाख
बूढ़े महादेव घाट 39.53 लाख
संगत घाट 39.59 लाख
पीपा पुल के पास घाट 23.00 लाख
सिद्धेश्वर महादेव घाट 39.55 लाख
थाना के पास ओपेन जिम 04.14 लाख
शीतला मंदिर के पास ओपेन जिम 04.14 लाख
टाउन नेशनल कॉलेज के मैदान में ओपेन जिम 04.14 लाख
योगशाला का निर्माण 21.50 लाख
रहेंगे सेहतमंद, बढ़ेगा ज्ञान, आस्था को मिलेगा नया आयाम
सैदपुर नगर पंचायत के 15 वार्डों में लगभग 15 हजार की आबादी रहती है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना से नगर पंचायत के विकास कार्यों को पंख लगेगा। ओपन जिम का निर्माण होने से लोग सेहतमंद रहेंगे। योगशाला से आध्यात्मिक उन्नति के नये मार्ग प्रशस्त होंगे। डिजिटल लाइब्रेरी हर उम्र के लोगों के ज्ञान संवर्धन में सहायक साबित होगी। गंगा घाटों के निर्माण होने से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी। साथ ही आस्था को एक नया आयाम मिलेगा। वहीं जलकल कार्यालय भवन का निर्माण होने से सरकारी कामकाज करने में कर्मचारियों व लोगों को सहूलियत मिलेगी।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इसको शासन को भेजा जाएगा। प्रस्ताव में गंगा घाटों का निर्माण, ओपेन जिम, लाइब्रेरी आदि कार्य शामिल हैं। लल्लन यादव, ईओ सैदपुर नगर पंचायत