बहुजन मुक्ति पार्टी की ओर से मंगलवार को शहर में ईवीएम (इलेक्ट्रानिक
वोटिंग मशीन) की शवयात्रा निकाली गई। सरजू पांडेय पार्क में ईवीएम की
शवयात्रा को आग के हवाले किया गया।
इस मौके पर आयोजित सभा में जिला अध्यक्ष
चंद्रिका प्रसाद ने कहा कि ईवीएम का प्रयोग आने वाले चुनावों में बंद किया
जाए। इसके जरिए वोटिंग में घोटाले की बात उजागर हो चुकी है। आने वाले
चुनाव बैलेट पेपर के जरिए ही चुनाव कराएं जाएं।
उन्होंने कहा कि 2009
के चुनाव में ईवीएम में घोटाला कर कांग्रेस ने चुनाव जीता। कहा कि
महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में बीएमपी के कई प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग
को शपथ पत्र दिया। एक बूथ पर आठ कार्यकर्ताओं के घर में 40 वोट हैं, उस
बूथ की काउंटिंग में बीएमपी का एक भी वोट नहीं निकला।
उन्होंने वोट दिया,
इसका रिकार्ड सरकार के पास उपलब्ध है। चूंकि जो वोट देता है, उसे वोटर
लिस्ट चिह्नित किया जाता है। इसका मतलब जनता जिसको चुनना चाहती है, वह
चुनकर नहीं जा पा रहा है। इसलिए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन द्वारा वोट पर
रोक लगनी चाहिए।
लंका मैदान से निकली शवयात्रा लंका, विशेश्वरगंज,
मिश्रबाजार, महुआबाग होते हुए सरजू पांडेय पार्क में पहुंची, जहां नारेबाजी
के बीच ईवीएम के प्रतीकात्मक शव को आग को हवाले किया गया। इस अवसर पर
अधिवक्ता राजेंद्रनाथ, रामानंद, रामचंदर राम, धनंजय यादव, श्यामसुंदर राम,
बद्री, यशपाल चौहान, चंदू कुशवाहा, नौबत मौर्या, दिनेश गौतम आदि मौजूद थे।