कोरोना संक्रमण को शिक्षा विभाग ने एक सबक के तौर पर लिया है। यहीं कारण है कि यूपी बोर्ड अपने स्कूलों के हर छात्र के प्राप्तांकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कराने जा रहा है। यह व्यवस्था इसी बार लागू होने जा रही है। इसमें यूनिट टेस्ट, अर्द्ध वार्षिक परीक्षा के अलावा वार्षिक और प्री बोर्ड परीक्षा के अंक भी अपलोड किए जाएंगे।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो कोरोना संक्रमण के दौरान उत्पन्न स्थितियों से हुई परेशानी के बाद इस तरह का निर्णय लिया गया है। क्योंकि पिछले वर्ष कोरोना वायरस के कारण स्कूलों में परीक्षाएं नहीं हो पाईं। कईं स्कूलों ने अर्द्ध वार्षिक परीक्षाएं नहीं कराई, तो कईंयों ने वार्षिक व प्री बोर्ड परीक्षा कराई तो उसके अंकों का रिकॉर्ड ही नहीं रख पाए। कईं स्कूलों को अंतिम गृह परीक्षा के बीच में ही कोरोना की वजह से स्कूल को बंद करना पड़ा। इस बार बोर्ड परीक्षा भी नहीं हुई और कक्षा 9 से 12 तक स्कूली परीक्षा व टेस्ट के औसत अंक के आधार पर बोर्ड को रिजल्ट जारी करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि रिजल्ट को लेकर भविष्य में यदि कोई परेशानी आए तो उसके पास पहले से ही प्रत्येक छात्र के औसतन अंकों का आधार मौजूद रहे। ऐसे में स्कूलों को अंकों का रिकॉर्ड अपने पास रखना ही होगा।
--
इस बार यूनिट टेस्ट के साथ बाकी परीक्षाओं को भी वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश मिला है। कक्षा 10 और 12 के छात्रों की प्री बोर्ड और बाकी कक्षाओं की गृह परीक्षा और इस दौरान भी होने वाले यूनिट टेस्ट। इन सभी के अंकों को ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।
डा. ओपी राय, डीआईओएस गाजीपुर।