क्षेत्र के बंतरा गांव के लोगों ने मंगलवार को निर्माणाधीन वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे के किनारे नाला नहीं बनने से हाईवे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। चेताया कि जब- तक समस्या का निस्तारण नहीं होगा कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
बंतरा गांव के पास फोरलेन हाइवे का कार्य चल रहा है। ग्रामीण हाइवे के किनारे नाली का निर्माण नहीं होने परआक्रोशित हो गए और बाईक पर सवार होकर जुलूस की शक्ल में कार्यस्थल पहुंचे। हाईवे के कार्य को रूकवा दिया और कहा कि जब तक नाले का निर्माण नहीं होगा तब तक कार्य प्रारंभ नहीं होगा। पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुड्डू यादव ने कहा कि पहले ग्रामीणों को हाइवे के किनारे नाली बनाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब नाला नहीं बनाने की बात कह रहे हैं। अगर नाला का निर्माण नहीं होगा तो पानी सीधे गांव में जाएगा। अनिल ने बताया कि नाली का निर्माण नहीं होने से बरसात में बड़ी समस्या हो जाएगी। प्रधान संतोष राजभर ने कहा कि अगर नाला नहीं बनेगा तो बरसात का पानी बहकर सारा पानी गांव में जाएगा। जब तक कार्यदायी संस्था नाला नहीं बनाएगी तब तक कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर शिवम सिंह, कैलाश यादव, रमेश, सोनू आदि मौजूद रहे।