दुल्लहपुर क्षेत्र के धनेशपुर निवासी देव पूजन राम के बेटे योगेश कुमार को नौकरी दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये हड़पने वाले युवक को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। धनेशपुर गांव निवासी देव पूजन राम पशुपालन विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। सदर कोतवाली के गोविदपुर निवासी मनीष कुमार ने देवपूजन राम को उनके बेटे की नौकरी दिलाने का लालच देकर चार लाख रुपये ले लिया।
लंबे समय तक प्रतीक्षा के बाद जब नौकरी नहीं मिली तो देवपूजन राम ने पैसे की मांग की। इसके बाद आरोपित युवक आनाकानी करने लगा। पैसा और नौकरी दोनों नहीं मिलता देख देवपूजन राम थाने में चला गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले में न्यायालय के आदेश पर दो माह पूर्व थाना में मामला दर्ज किया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित मनीष को गिरफ्तार कर संबंधित धारा में चालान कर जेल भेज दिया।