औड़िहार। सैदपुर के विधायक अंकित भारती शनिवार की दोपहर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। उनके निरीक्षण के समय चार स्वास्थ्य कर्मी बिना किसी प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित मिले। यही नहीं अधीक्षक के लखनऊ गए होने की बात बताई गई। दवा वितरण रजिस्टर देखने पर पाया कि 31 मार्च के बाद स्टोर से दवा निकासी का विवरण अंकित नहीं था। इस पर उन्होंने प्रभारी अधीक्षक से जवाब-तलब किया।
विधायक सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे और भर्ती मरीजों का हाल तथा उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जाना। चिकित्सकों के आने तथा दवा वितरण की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि अधिकांश चिकित्सक बाहर की दवा लिखते हैं। इसके बाद फार्मासिस्ट कक्ष में पहुंचकर दवा के स्टॉक के बारे में जानकारी ली। विधायक को शिकायत मिली थी कि यहां चिकित्सक बाहर की दवा लिखते हैं। उन्होंने इस बारे में भी क्रॉस चेक किया और कहा कि शासन की तरफ से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ मरीजों को मिलना चाहिए। कहा कि यहां जो दवाएं और इंजेक्शन उपलब्ध है, उसे मरीजों को उपलब्ध कराएं। इसके बाद विधायक सीएचसी कार्यालय में पहुंचे और उपस्थिति रजिस्टर को देखा। चिकित्सक ने बताया कि यहां पेयजल की किल्लत है। नलकूप खराब है और ओवरहेड टैंक भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। जानकारी दी कि यहां चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मियों का आवास भी जर्जर है। विधायक ने भरोसा दिया कि वे मुद्दे को सदन में उठाएंगे और निराकरण का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता को अच्छी चिकित्सा एवं शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्रथमिकता है। साथ में विधायक के पिता ओपी भारती, सपा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष छोटेलाल यादव आदि भी साथ थे। प्रभारी अधीक्षक डा. दीपक पांडेय ने मरीजों की शिकायतों के मद्देनजर फार्मासिस्ट का एक दिन का वेतन रोकने की संस्तुति करने का आश्वासन दिया।