गाजीपुर। तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश कई परिवारों के लिए आफत बन गई है। शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह जनपद के चार इलाकों में 50 से अधिक कच्चे मकान, कई रिहायशी झोपड़ी आदि के गिरने से एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई है। कई जानवर भी हादसे के शिकार हुए। घटना से मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार, थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर में गांव निवासी रामबदन चौहान का परिवार शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद सो रहा था। इसी दौरान रात में करीब 11 बजे बारिश के दौरान अचानक कच्चा मकान गिर पड़ा। मलबा में दबकर अतवरिया देवी (45) के साथ एक बकरी और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। संयोग अच्छा था कि परिवार के अन्य लोग दूसरे कमरा में सो रहे थे। इसी थाना क्षेत्र के मेख गांव में सुखराम राम का कच्चा मकान गिर गया, जिसके मलबा में दबकर सुखराम राम (60) की मौत हो गई। मौत से पत्नी शारदा देवी एवं एकमात्र बेटी मीना देवी दहाड़े मारकर चीख-पुकार करने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपजिलाधिकारी कासिमाबाद मंसाराम वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी महमूद अली ने दोनों घटनाओं का निरीक्षण कर दोनों परिजनों को सहायता के रूप में चार चार लाख रुपए देने का आश्वासन दिया। जखनिया संवाददाता के अनुसार, भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के जाही गांव के गोदामपुरा गांव निवासी ढक्कू यादव का कच्चा मकान शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे बारिश के दौरान गिर गया। मलबे में दबकर ढक्कू यादव (70) की मौत हो गई। वह सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी था। परिवार के अन्य लोग दूसरे कमरा में सो रहे थे। खानपुर संवाददाता के अनुसार, थाना क्षेत्र के नोनजरा गांव निवासी रामबदन यादव (65) अपने सीमेंट सीट नीचे सो रहे था। इसी बीच बारिश के दौरान शनिवार की भोर में करीब चार बजे पड़ोसी की मिट्टी दीवार बारिश सीमेंट सीट पर गई, जिससे शीट बैठ गया। उसमें दबकर रामबदन की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देवकली संवाददाता के मुताबिक, कई दिनों से लगातार हो रही बारिश से शनिवार की शाम दर्जनभर कच्चे मकान और रिहायशी झोपड़ी गिर गई। इसमें लाखों का सामान भी नुकसान हुआ है। इलाके के बड़नपुर गांव में गुरुप्रसाद गुप्ता, शिवपूजन गुप्ता, नगीना, संजय, रामा समेत अन्य लोगों के कच्चे मकान जमींदोज हो गए। भाजपा नेता गुरुप्रसाद गुप्ता ने कहा कि गरीबों को सरकार आवास तक नहीं दे रही है। इस कारण लोग पीड़ित हैं।