मृतक चौधरी लालता प्रसाद निषाद की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
करंडा। जमानिया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस विधायक एवं थाना क्षेत्र के चांड़ीपुर गांव निवासी चौधरी लालता प्रसाद निषाद (90) का शनिवार की सुबह वाराणसी में निधन हो गया। परिजनों के अनुसार वह अपने पुत्र के यहां गए थे, जहां सुबह करीब पांच बजे उन्हें हृदयाघात आया, उपचार से पहले ही उनका निधन हो गया।
उनका अंतिम संस्कार चोचकपुर घाट पर किया गया। मुखाग्नि बड़े पुत्र गौतम निषाद ने दी। परिजनों, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
मालूम हो कि चौधरी लालता प्रसाद निषाद वर्ष 1985 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जमानिया विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। उन्होंने लोकदल के प्रत्याशी रविंद्र कुमार को पराजित किया था। वर्तमान में वह समाजवादी पार्टी से जुड़े थे। अंतिम संस्कार में सदर विधायक जैकिशन शाहू, सत्या यादव, रामवचन यादव, राजकुमार पांडेय शामिल रहे।