गहमर। दहेज में स्काॅर्पियो गाड़ी की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। एसपी के निर्देश पर रविवार को पुलिस ने पति सहित पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
करहिया गांव निवासी आकृति उपाध्याय ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर बताया कि 22 फरवरी 2023 को बिहार के बक्सर जिले के मुसफिल थानाक्षेत्र के बनारपुर गांव निवासी उमेश उपाध्याय के साथ शादी हुई थी। शादी में पिता ने अपने सामर्थ्य के अनुसार उपहार स्वरूप पांच लाख रुपये नकद, एसी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, टीवी, फर्नीचर आदि सामान दिए। साथ ही मारुति सुजुकी की कार खरीदने के लिए छह लाख रुपये नकद दिए। चार लाख रुपये की सोने की चेन, अंगूठी बतौर उपहार दिया। अगले दिन 23 फरवरी को विदा होकर ससुराल आई। शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वालों की अतिरिक्त मांग स्काॅर्पियो बढ़ गई और उत्पीड़न करने लगे। अक्सर घरेलू कामकाज का बहाना बनाकर आए दिन मारपीट करने लगे। मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पति आपत्तिजनक फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जाने लगा। बार-बार शारीरिक प्रताड़ना देने से मानसिक और शारीरिक स्थिति खराब हो गई। उसकी सूचना पिता को दी। पिता विदेश में रहकर कार्य करते हैं। इसके कारण उन्होंने ससुराल वालों से मोबाइल पर ही बात की लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। एक दिन पति ने मेरा इलाज कराने के बहाने अपने चार चक्का वाहन से ले जा रहे थे और मेरे मायके के रास्ते पर ले जाकर गाड़ी से धक्का मारकर नीचे गिरा दिया और गाड़ी लेकर भाग गए। बीते 17 मार्च को पति उमेश उपाध्याय, ससुर ऋषिकेश उपाध्याय, जेठ अरविंद उपाध्याय मायके करहिया आकर गालीगलौज और जान-माल की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे। हो-हल्ला सुनकर पास-पड़ोस ने आकर बीचबचाव किया। प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।