मरदह थाना क्षेत्र के टिसौरी गांव स्थित भैसही नदी में मछली पकड़ने के लगे जाल को देखने गए मछुवारे की शनिवार की रात डूबकर मौत हो गई। रविवार की दोपहर दो बजे कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से मातम पसर गया।
टिसौरा गांव निवासी जयबहादुर चौहान (52) देर रात करीब आठ बजे घर से खान खाने के बाद मकान से पांच सौ मीटर दूर स्थित भैसही नदी में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल को देखने गया था। देर रात जब वह वापस नहीं आया तो पत्नी ऊषा देवी को किसी अनहोनी की चिंता सताने लगी। वे आस-पास के लोगों से जानकारी लेने के बाद ग्रामीणों के साथनदी के पास पहुंचकर तलाश में जुट गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन सुबह फिर ग्रामीण खोजबीन में जुटे तो नदी किनारे मछुवारे का चप्पल और कपड़ा मिला। अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मटेहूं चौकी इंचार्ज भूपेंद्र कुमार निषाद ने बहादुरगंज से चार गोताखोरों को बुलाकर सुबह 10 बजे से खोजबीन शुरू कराया। करीब चार घंटे के काफी मशक्कत बाद दोपहर दो बजे मृतक जयबहादुर चौहान के शव को गोताखोरों ने नदी से बाहर निकाला। मृतक का शव बाहर आते ही पत्नी उषा देवी दहाड़े मारकर रोने बिलखने लगी और कुछ देर बाद अचेत होकर खाकर गिर पड़ी। मृतक अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था।इस सबंध में थानाध्यक्ष दुष्यंत सिंह ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।