गाजीपुर। तेज धूप और गर्मी से आमजन जहां लोग बेहाल हैं, वहीं मच्छरों के आतंक से लोग परेशान हैं। स्थिति यह है कि फागिंग व दवा छिड़काव से शहर व देहात के इलाके कोसों दूर हैं। जबकि बीते वर्ष शहर के प्रमुख इलाकों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू से लोग पीड़ित हुए थे। यहीं नहीं मरीजों का आंकड़ा सौ पार कर गया था, बावजूद तैयारियां तो दूर बचाव को लेकर सार्थक कदम पहले से नहीं उठाया जा रहा है। जबकि वर्तमान समय में संचारी रोग की रोकथाम को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
शहर के प्रमुख इलाकों में शामिल सकलेनाबाद व लंका के अलावा अन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोग डेंगू मरीज के चपेट में आए थे। स्थिति यह थी कि घर- घर मरीज मिलने लगे थे। वहीं मेडिकल काॅलेज अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने तक के लिए बेड नहीं था। ऐसे में काॅलेज प्रशासन ने पुराने ओपीडी सभागार के कक्षों को नया वार्ड बनाकर मरीजों को भर्ती कर उपचार कराया था। यहीं नहीं ग्रामीण इलाकों में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी थी। बावजूद बीते वर्ष से अब तक संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा सबक नहीं ली गई है। ऐसे में मच्छरों की बढ़ती संख्या से एक बार फिर लोगाें को संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा सता रहा है।
इस संबंध में सीएमओ डाॅ. देश दीपक पाल ने बताया कि घर- घर पहुंचकर स्वास्थ्य कर्मी लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए जागरूक करने के साथ लार्वा रोधी दवा का छिड़काव चल रहा है।