गाजीपुर। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली के जर्जर तार लटक रहे हैं। यह स्थिति एक-दो दिनों से नहीं है, बल्कि काफी समय से ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। पूर्व में हादसे तक हो चुके हैं। इसके बावजूद बिजली निगम की ओर से कोई पहल नहीं की गई।
बिजली निगम की ओर से दावा किया जाता है कि बिजली के तार जहां भी ढीले हो जाते हैं, उनको ऊपर करने का कार्य किया जाता है। लेकिन, जनपद के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में काफी समय से लटके बिजली के जर्जर तार बिजली निगम के दावों के पोल खोलने का काम कर रहे हैं। बिजली के तारों के लटकने के कारण संबंधित क्षेत्रों के ग्रामीण हमेशा संशकित रहते हैं। उनको हादसे का डर सताता रहता है। इसको लेकर वह कई बार बिजली निगम के अभियंताओं के यहां गुहार लगा चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली निगम अपने ढुलमुल रवैये पर कार्य कर रहा है। यही वजह है कि स्थिति में बदलाव नहीं हो पा रहा है। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने बताया जहां पर भी बिजली के तार ढीले हो जाते हैं, उनको दुरुस्त किया जाता है।