गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के सराय सदकर गांव के पास शुक्रवार की देर रात साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार बाइक पलटने से किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जबरापार गांव निवासी अरविंद यादव (32) मां के आंख का आपरेशन कराने के लिए शादियाबाद आया था। वहां अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वह वापस घर जा रहा था। सराय सदकर गांव के पास अचानक मार्ग के बीचों-बीच आए साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर बाइक समेत गिर पड़ा। अरविंद के सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस और आसपास के लोग उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी लेकर आए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां जयंती एवं पत्नी सुमन यादव बेहोश हो गईं।