Ghazipur News: क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव पर अभिनेत्री द्वारा लगाए गए आरोप को लेकर नया मोड़ आ गया है। मुंबई के फैजान अंसारी का एक पत्र वायरल हो रहा है। जिसमें अभिनेत्री खुशी मुखर्जी पर 100 करोड़ के मानहानि का केस दायर करने की बात लिखी गई है।
मुंबई निवासी फैजान अंसारी का पत्र वायरल हो रहा है। इसमें वह अभिनेत्री खुशी मुखर्जी की गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर एसपी डॉ. ईरज राजा से गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। यही नहीं उन्होंने पत्र में लिखा कि क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव पर अभिनेत्री का आरोप झूठा व बेबुनियाद है। फैजान अंसारी ने बीते 10 जनवरी को पत्र भेजा था। उधर, एसपी ने ऐसे किसी तरह के पत्र मिलने और कार्रवाई से इनकार कर दिया। हालांकि वायरल पत्र का संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है।
विज्ञापन
वायरल पत्र में फैजान अंसारी ने अपने पत्र में लिखा है कि अभिनेत्री खुशी मुखर्जी ने भारतीय क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव जो गाजीपुर जिले के हथौड़ा सिधौना के रहने वाले हैं। उन पर झूठा व बेबुनियाद आरोप लगाया है कि उससे व्हाट्सएप पर बात करते थे।
अंसारी का कहना है कि अपनी झूठी पब्लिसिटी के लिए इतने बड़े भारत के गौरव का नाम खराब कर रही है। यह बहुत शर्मनाक बात है, इसलिए मैं एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक होने के नाते साथ ही भारत का गौरव सूर्य कुमार यादव की छवि खराब करने के लिए खुशी मुखर्जी पर 100 करोड़ के मानहानि का केस दायर कर रहा हूं।
खुशी मुखर्जी को कोर्ट में भी घसीट रहा हूं और साथ ही साथ गाजीपुर पुलिस अधीक्षक से निवेदन है कि तत्काल खुशी मुखर्जी की गिरफ्तारी करके कम से कम 7 साल की सजा होनी चाहिए। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि इस तरह का कोई पत्र नहीं मिला है और न ही कोई जानकारी है।