रेवतीपुर। नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज के परिसर में रविवार को समाजवादी पार्टी के मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा कि देश-प्रदेश की सत्ता पर हुकूमत कर रही तानाशाह सरकार को हटाने में केवल समाजवादी पार्टी ही सक्षम है। जब से भाजपा सरकार आई है, वह केवल लोगों की रोजी-रोटी छीनने और उजाड़ने का काम कर रही है। यह चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केवल धर्म और जाति को लेकर राजनीति कर रही है। सरकार आज तक एक काम नहीं कर पाई है। युवाओं को रोजगार देने का वादा छलावा साबित हुआ है। इस सरकार में अपनी बात रखने तक की आजादी नहीं है। युवा नेता मन्नू अंसारी ने कहा कि सरकार को किसानों की समस्या की चिंता नहीं है। क्षेत्र में बाढ़ के चलते किसानों की फसल बर्बाद हो गई लेकिन सरकार का इस ओर ध्यान नहीं है। खराब सड़कों को लेकर सरकार बेपरवाह बनी हुई है। युुवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का वादा खोखला साबित हुआ है। इस मौके पर सत्येंद्र यादव, डॉ. विकास यादव, कन्हैया विश्वकर्मा, मुन्ना राय, पंकज यादव, ओमप्रकाश यादव, संतोष यादव, भोला यादव, राहुल शुक्ला, रामकृत यादव, पप्पू राय, जितेंद्र यादव उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पारसनाथ पाठक और संचालन अजय यादव ने किया।