गुरैनी गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक। संवाद
- फोटो : 1
मनिहारी। शादियाबाद थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव स्थित मोबाइल टॉवर पर बृहस्पतिवार की दोपहर एक युवक चढ़ गया और चेताया कि अगर कोई उतारने का प्रयास किया तो वह कूद जाएगा। वह प्रेमिका के फोन न उठाने से नाराज था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा कर 2.30 घंटे बाद शाम पांच बजे नीचे उताकर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिली के एक युवक दोपहर करीब 2.30 बजे एक मोबाइल के टाॅवर पर चढ़ गया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और टाॅवर से नीचे उतराने का प्रयास करने लगी। युवक अपने साथ कॉपी और पेन लेकर टाॅवर पर चढ़ा था। वह ऊपर से कागज पर लिखकर नीचे फेंका कि अगर कोई ऊपर आने की कोशिश न करें, अन्यथा वह जान दे देगा।
साथ ही एक मोबाइल नंबर कागज पर लिखकर नीचे फेंका, जिस पर पुलिस ने युवक से बात की। शाम करीब पांच बजे समझाने- बुझाने पर युवक टॉवर से नीचे उतर गया। पूछताछ में उसने अपना नाम छत्तीसगढ़ प्रांत के रायपुर वीरगांव निवासी संजीत साव (21) बताया।
थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि युवक का थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती द्वारा फोन पर बातचीत बंद करने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया था। युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।