मरदह। स्थानीय विकासखंड के छह गांवों में चल रहे विकास कार्यों, साफ-सफाई एवं ग्राम सचिवालय-पंचायत भवन का एडीओ पंचायत नवीन कुमार सिंह ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। इसके चलते संबंधित कर्मचारियों में खलबली मची रही।
विकास कार्यों एवं साफ-सफाई के कार्य में अनियमितता की शिकायत कई दिनों से एडीओ पंचायत को मिल रही थी। इसको गंभीरता से लेते हुए शनिवार को एडीओ पंचायत ने बरही गांव का औचक निरीक्षण किया। वहां पंचायत भवन पर ताला लटकता पाया तथा सहायक सचिव अनुपस्थित रहे। कबीरपुर गांव स्थित अस्थाई गौशाला केंद्र की पड़ताल करते हुए कर्मचारियों को फटकार लगाई। कंसहरी गांव का पंचायत भवन संतोषजनक पाया गया। हैदरगांव के पंचायत भवन की स्थिति सही रही। दो सफाईकर्मी अनुपस्थित थे। हमीरपुर एवं मटेहूं गांव के पंचायत भवन की स्थिति संतोषजनक पाई गई। इस संबंध में एडीओ पंचायत ने बताया कि ड्यूटी से गायब कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। ड्यूटी से अनुपस्थित दो सफाई कर्मी एवं पंचायत सहायक सचिव पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। संवाद