बिजली निगम में आउटसोर्स पर तैनात 55 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों को निकाला जाएगा। इस आशय का निर्देश पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी की ओर से दिया गया है। एमडी का फरमान आते ही कार्यदायी संस्था सक्रिय हो गई।
कार्यदायी संस्था ग्रिड पावर की ओर से ऐसे कर्मचारियों को चिह्नित करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है। पहले चरण के सर्वे के तहत अब तक 22 कर्मचारी चिह्नित किए गए हैं। इसके बाद दूसरे चरण का सर्वे जल्द शुरू होगा। पहले चरण के सर्वे के तहत विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ डिवीजन में सर्वे का कार्य किया गया है। सर्वे के जरिये पता किया जा रहा है कि किस विद्युत वितरण खंड में 55 वर्ष के कितने कर्मचारी आउटसोर्स पर कार्यरत हैं। सर्वे पूरा होने के बाद ऐसे कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने की कार्रवाई की जाएगी। बिजली निगम में आउटसाेर्स पर कार्यरत कर्मचारी कार्यदायी संस्था ग्रिड पावर के जरिये कार्य करते हैं। उन्हें मानदेय कार्यदायी संस्था देती है। आउटसोर्स पर ज्यादातर कर्मी लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। ग्रिड पावर के सुपरवाइजर विनय तिवारी ने बताया कि अब तक के सर्वे में 22 आउटसोर्स कर्मियों को चिह्नित किया गया है। दूसरे चरण का सर्वे जल्द शुरू होगा।