गाजीपुर। दीपावली एवं डाला छठ महापर्व को सकुशल संपन्न कराने और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली निगम पूरी तरह अलर्ट हो गया है। शासन के निर्देश पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति बनाए रखने की तैयारी की गई है। इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से जिलेभर की विद्युत आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों में कुल 10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि त्योहारों के दौरान बिजली से संबंधित किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराया जा सके। निगम ने आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए 10 ट्रांसफाॅर्मर ट्रॉलियों को भी सक्रिय रखा है। इसके साथ ही सभी विद्युत उपकेंद्रों पर संविदा कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता पीके सिंह ने बताया कि दीपावली एवं डाला छठ पर्व को देखते हुए शासन स्तर से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसके मद्देनजर निगम की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से बिजली आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार का फॉल्ट होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 9453047253 जारी करते हुए अपील की कि त्योहारों के दौरान विद्युत आपूर्ति से संबंधित कोई भी समस्या आने पर तत्काल इस नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।