गाजीपुर। विद्युत विभाग और विजिलेंस की टीम ने शनिवार की सुबह नगर के विभिन्न मुहल्लों में छापा मारा। इस दौरान 30 घरों की जांच की गई। इसमें आठ उपभोक्ता मीटर बाईपास करते पाए गए। साथ ही बकाया बिल जमा किए बिना ही बिजली का उपभोग करने पर मुकदमा दर्ज किया गया।
विजिलेंस टीम के प्रभारी एके सिंह एवं सहायक अभियंता शिवम राय के नेतृत्व में टीम ने झंडातर, नवाबगंज, उर्दू बाजार, लोटन इमली, जमलापुर सहित अन्य मुहल्लों में सुबह छापा मारा। वहीं सहायक अभियंता शिवम राय एवं विजिलेंस प्रभारी एके सिंह ने अपील किया कि जिनके ऊपर बिजली का बिल बकाया है, वे लोग जमा कर दें और जो लोग बिजली चोरी कर रहे हैं वे लोग कनेक्शन जल्द से जल्द प्राप्त कर लें। ऐसा नहीं करने पर छापा मारकर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। टीम में मुख्य रूप से सहायक अभियंता (राजस्व) शेखर सिंह, विजिलेंस जेई पंकज चौहान, अवर अभियंता अविनाश सिंह, रोहित कुमार, विनय तिवारी, हेड कांस्टेबल श्री प्रकाश, कांस्टेबल प्रमोद कुमार चौबे, कांस्टेबल मंगला प्रसाद, कांस्टेबल सुमित कुमार एवं समस्त डिस्कनेक्शन टीम एव मीटर रीडर एवं संविदा कर्मी मौजूद रहे।