खानपुर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिधौना रेलवे हाल्ट के पास शनिवार की दोपहर में पवन एक्सप्रेस की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। खानपुर थाना क्षेत्र के अनौनी गांव निवासी रामबचन राजभर (50) किसी काम से सिधौना रेलवे हाल्ट पर आए थे। इस बीच वह पवन एक्सप्रेस की चपेट में आ गए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर आरपीएफ औड़िहार के उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार चौबे तथा स्थानीय पुलिस ने मौके पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक क्षेत्र के ही भट्ठे पर मजदूरी का काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी अनीता राजभर और पुत्र जितेंद्र, गंगासागर, किशन, लक्ष्मण, चिंटू तथा चार पुत्रियां नीलम, गीता, गुड़िया, किरन रो-रोकर बेहाल थीं।