प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव का बिगुल शनिवार को बज गया। जिले की सात विस सीटों के लिए होने वाले चुनाव में 28 लाख से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 1616 मतदान केंद्र एवं 3040 मतदेय स्थल हैं। इस चुनाव में आयोग का बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं को पोस्टल बैलट की सुविधा प्रदान करने का निर्देश है।
प्रदेश में सात चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम निर्वाचन आयोग की ओर से शनिवार को घोषित कर दिया गया। इसके तहत जिले की सात विस सीटों के लिए अंतिम चरण में मतदान कराया जाएगा। पिछले दिनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में 28 लाख सात हजार 562 मतदाता हो गए हैं। इनमें 14 लाख 97 हजार 141 पुरुष एवं 13 लाख 10 हजार 283 महिला तथा 138 अन्य हैं। इनमें 77 हजार 758 पुरुष एवं एक लाख 15 हजार 296 महिला तथा 53 अन्य सहित एक लाख 93 हजार 107 नए मतदाता शामिल हैं। अस्सी वर्ष से ज्यादा आयु के बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या 56218 तथा दिव्यांग मतदाता 15804 हैैं। जिले में सबसे ज्यादा मतदाता जखनिया विधानसभा क्षेत्र में हैं। आगामी चुनाव में दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की ज्यादा से ज्यादा सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग का उन्हें पोस्टल बैलट की सुविधा प्रदान करने का निर्देश है। इसके अलावा बूथ पर दिक्कत न हो इसके लिए रैंप की व्यवस्था भी दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।