सादात। औड़िहार-भटनी रेल मार्ग पर दोहरीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। रेल पटरी बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सादात से औड़िहार और सादात से दुल्लहपुर के बीच दूसरी लाइन के लिए स्लीपर बिछाने का कार्य लगभग चालीस प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इस बीच पड़ने वाली चार नदियों गांगी, उदंती, बेसो और मगई पर रेलवे पुल बनाने का कार्य भी विभाग की ओर से साथ-साथ कराया जा रहा है।
दुल्लहपुर और औड़िहार के बीच स्लीपर बिछाने के लिए गिट्टियों की भरपाई का काम हो रहा है। जहां पर गिट्टियां बिछा दी गई है वहां पर सीमेंट का बना स्लीपर बिछा दिया गया है। सादात रेलवे स्टेशन पर तीसरे प्लेटफार्म का कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। रेलवे के मौके पर मौजूद ठेकेदार ने बताया कि जल्द ही प्लेटफार्म का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। रेलवे लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण होने में अभी समय लगेगा जो तीसरा प्लेटफार्म तैयार कराया जा रहा है उसकी लंबाई पहले और दूसरे प्लेटफार्म से अधिक है। स्टेशन पर बन रहे ओवरब्रिज का कार्य लगभग तीन वर्ष से ठप है। इस अधूरे ओवरब्रिज को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग यात्रियों एवं यहां के नागरिकों द्वारा अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है। इसके बाद भी यह कार्य अभी तक पुन: शुरू नहीं हो सका है। इसके अभाव में प्लेटफार्म एक से तीन या दो पर आने-जाने के लिए यात्रियों को काफी मुसीबत झेलनी पड़ती है। यहां तक कि एक से दो और दो से एक नंबर प्लेटफार्म पर आने-जाने में बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को काफी कठिनाई होती है। कई बार एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। इस समस्या को लेकर रेल जरा भी गंभीर नहीं है।