गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार लोगों के बीच नफरत पैदा कर रही है। ढोंग विद्या में शामिल कर रही है।
डबल इंजन की सरकार को पाठशाला नहीं, बल्कि मधुशाला पसंद है। जनता में इनके खिलाफ रोष है। 2027 में भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। वह मंगलवार की शाम नसीरपुर गांव में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने यूपी के मुख्यमंत्री से मांग की कि कांवड़ियों पर दिए गए विवादित बयान के लिए मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर पीडीए विचारधारा के नहीं हैं, अगर होते तो भाजपा के साथ न होते।
उन्होंने अपने राजनीतिक चश्मे से उन्हें किसी विपक्ष का नेता समझकर बयान दे दिया, जिससे हंसी के पात्र बन गए। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के सदर विधायक जयकिशन साहू, जंगीपुर विधानसभा के विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव और सपा के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के साथ सैकड़ों समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।