जमानिया। तीन माह के वेतन में की गई कटौती से नाराज निविदाकर्मियों ने मंगलवार को ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र पर कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया।
दर्जनों की संख्या में जुटे निविदाकर्मियों ने वेतन कटौती को अन्यायपूर्ण बताते हुए विरोध जताया और आंदोलन की चेतावनी दी। जेई आशीष कुमार के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त किया लेकिन चेताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर कटे हुए वेतन की धनराशि उनके खातों में नहीं पहुंची तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। धरनास्थल पर बोलते हुए प्रमोद राय ने कहा कि मार्च, मई और जून के वेतन में कटौती अन्याय है।
कहा कि यदि शोषण बंद नहीं हुआ तो बिजली आपूर्ति ठप कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर प्रमोद राय, मुन्ना यादव, राजेश राय, श्रीकांत यादव, राहुल मिश्रा, पवन सिंह, नंदलाल बिंद, प्रेमसागर सिंह, श्याम नारायण, अमरजीत, सलीम खान, धर्मेंद्र पाल, सिकंदर कुमार आदि मौजूद रहे।
जेई आशीष कुमार ने बताया कि कर्मियों की मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।