सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दिनेश कुमार ने कहा कि इंटरनेट पर्सनल और प्रोफेशनल जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। कभी भी कॉल पर अपनी संवेदनशील जानकारी जैसे ओटीपी, आधार, पैन या बैंक विवरण साझा न करें।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अखिलेश जायसवाल ने कहा कि कभी भी अज्ञात नंबरों से आने वाले लिंक पर क्लिक न करें, जो केवाईसी अपडेट के बहाने आपकी संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए निवेदन करें। कभी भी अज्ञात नंबरों से आने वाली कॉल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी या पैसों से संबंधित मांग को पूरा न करें। कभी भी भुगतान प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड कोड स्कैन या ओटीपी पिन साझा न करें।
यह स्कैम के तरीके हो सकते हैं। अपनी व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा न करें और अपनी डिजिटल पहचान को सुरक्षित रखें। अपने मोबाइल पर एप की नियमित जांच करें।
अनावश्यक अनुमतिया रद्द करें और अनुपयोगी एप को हटा दें। कोई सरकारी एजेंसी (पुलिस, सीबीआई, ईडी) वायस कॉल के माध्यम से आपकी जांच या गिरफ्तारी नहीं कर सकती है।
संवेदनशील लेनदेन जैसे बैंकिंग, कानून, स्वास्थ्य संबंधित जानकारी के लिए सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग करने से बचना चाहिए।
किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की सूचना https://sancharsaathi.gov.com पर दें। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी सुभाषचंद्र सरोज, डिप्टी कलेक्टर मनोज पाठक, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी आदि मौजूद रहे।