कासिमाबाद। मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को कासिमाबाद तहसील में हुआ। डीएम आर्यका अखौरी व एसपी डॉ. ईरज राजा की मौजूदगी में 109 प्रार्थनापत्र आए। मौके पर केवल नौ का निस्तारण किया गया। जिले के सभी तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 365 प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत हुए। मौके पर केवल 30 का निस्तारण हुआ।
मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस में बरेसर थाना क्षेत्र के चौथी बांध की आधा दर्जन महिलाएं कंचन देवी के नेतृत्व में पहुंचीं। उन्होंने डीएम से गुहार लगाते हुए कहा कि दहेंद के एक व्यक्ति ने हम लोगों से लाखों रुपये लेकर चिटफंड कंपनी के नाम से फिक्स कराया लेकिन कंपनी भाग गई। अब वह व्यक्ति हम लोगों का पैसा नहीं लौटा रहा है। महिलाओं ने कार्रवाई की मांग करते हुए रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई।
डाही की पुष्पा देवी ने डीएम-एसपी के समक्ष कहा कि बीते 14 नवंबर की शाम विपक्षियों की ओर से लाठी-डंडे से हमला करके मेरा सिर फोड़ दिया गया। बच्चों को भी मारा-पीटा गया। मैं रोज थाने जा रही हूं। एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है। एफआईआर नहीं होने से सरकारी अस्पताल में हमारा मेडिकल और इलाज नहीं किया जा रहा है।
शाहपुर उसरी के ग्राम प्रधान बृजेश यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत की बंजर भूमि पर दूसरे ग्राम पंचायत के लोग मकान बना लिए हैं। खाली कराने को लेकर कासिमाबाद तहसीलदार के यहां से आदेश हुआ है। लेकिन, अब तक अतिक्रमण नहीं हटा है। पिपनार के दिनेश्वर सिंह ने कहा कि उप जिलाधिकारी कासिमाबाद के आदेश पर मेरे खेत की पत्थरगढ़ी हो गई है। इसके बावजूद एक वर्ष से विपक्षी मेढ़ के साथ जोताई नहीं करने दे रहे हैं।
डीएम ने फोटो खींचने से किया मना
कासिमाबाद। मुख्य समाधान दिवस पर पत्रकार फोटो खींच रहे थे। लेकिन, डीएम ने ऐसा करने से मना कर दिया। इससे पत्रकारों में रोष देखा गया। पत्रकारों ने कहा कि यह पहला मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस है। इस पर फोटो लेने की मनाही कर दी गई। जबकि राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस भी है।
11.30 बजे पहुंचे डीएम व एसपी
कासिमाबाद। मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस में सुबह 11.30 बजे डीएम और एसपी पहुंचे। इनके आने से पहले फरियादियों की भीड़ मौके पर जुट गई थी। डीएम-एसपी के आने के बाद कतारबद्ध होकर फरियादियों ने अपनी-अपनी फरियाद लगाई।
कानूनगो का रोका वेतन
संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना-पत्रों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर डीएम आर्यका अखौरी ने कानूनगो कमलकांत तिवारी व हनुमान वर्मा वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को तीन दिन में निस्तारित करने का निर्देश दिया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाषचंद्र सरोज, परियोजना निदेशक राजेश यादव आदि मौजूद रहे।