घिरोर में आईं 63 शिकायत, छह का निस्तारण
- फोटो : अमर उजाला
जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए तहसील दिवस का आयोजन मंगलवार को किया गया। सभी पांचों तहसीलों की सूचना के अनुसार फरियादियों से 668 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 37 का मौके पर निस्तारण किया गया।
सैैदपुर संवाददाता के अनुसार मुख्य तहसील दिवस सैदपुर में जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें 125 फरियादियों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। जिसमें से केवल एक शिकायत का ही मौके पर निस्तारण किया गया। शेष आवेदन पत्रों को जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया। डीएम ने शिकायतों को जनसुनवाई की साइट पर अपलोड भी करने को कहा। ग्राम किशोहरी की रूपा देवी ने स्टे की जमीन पर विपक्षी की तरफ से कब्जा करने, इंद्रदेव राजभर ग्राम तुलसीपुर , थाना खानपुर ने चकरोड एवं नाली पर अवैध कब्जा तथा ग्राम खरौना के मनंजय सिंह ने निकास की सड़क को विपक्षी द्वारा अपनी जमीन में मिलाने से संबंधित प्रार्थना पत्र डीएम को दिया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि जमीन से संबंधित जो भी शिकायतें प्राप्त होती हैं उसमें लेखपाल एवं पुलिस के साथ मौके पर जाकर शिकायतें दूर कराएं।
तहसील दिवस के प्रकरण के निस्तारण की अवधि पूछने पर अधिकारियों ने अलग-अलग समय बताया जिस पर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को एक सप्ताह में सभी प्रकरणों के निस्तारण का आदेश दिया। बताया कि सप्ताह में प्रत्येक बुधवार को निस्तारण के प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामकिशोर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 183 आवेदन पत्रों में 23 आवेदन पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 188 आवेदन पत्रों में 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। जखनिया संवाददाता के अनुसार उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस में 49 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिसमें 03 का मौके पर निस्तारण किया गया। जमानियॉ संवाददाता के अनुसार तहसील में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 123 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया।