गाजीपुर। जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति और जिला पर्यावरण समिति की बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में हुई।
इसमें अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुहम्मदाबाद, जमानिया, नगर पंचायत जंगीपुर, दिलदारनगर व बहादुरगंज के ईओ अनुपस्थित रहे। डीएम अविनाश कुमार ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
प्रभागीय निदेशक विवेक यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद को 41,14,100 पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। इसमें जनपद के अन्य विभागों को 30,64,100 एवं वन विभाग को 10,50,000 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अन्य विभागों द्वारा आवंटित लक्ष्य 30,64,100 के सापेक्ष 24,11,959 गड्ढा खोदाई की सूचना मिली है। इसमें उद्यान, उद्योग, रक्षा, यूपीडा को छोड़कर किसी भी विभाग की शत-प्रतिशत गड्ढा खोदाई की सूचना नहीं दी गई है। डीएम ने संबंधित विभागों को शत-प्रतिशत अग्रिम मिट्टी का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
डीसी मनरेगा को जनपद के अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों में स्थल चयन कराकर मियावाकी पद्धति से पौधरोपण कराने का निर्देश दिया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिन विभागों द्वारा कराए गए पौधरोपण के स्थलीय सत्यापन की सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है, उन्हें अंतर्विभागीय सत्यापन रिपोर्ट तत्काल कराकर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
लोगों को जागरूक करने का दिया निर्देश : डीएम अविनाश कुमार ने प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी निलेंद्र सिंह को निर्देश दिया कि जनपद में चयनित 24 फील्टर चैंबर के पास रिक्त भूमि पर वर्षा काल नालों में बहने वाले दूषित जल के प्राकृतिक शोधन के लिए कैन्ना प्रजाति को रोपित करने का निर्देश दिया।
खुले में शौच के संबंध में नगर पालिका व नगर पंचायतों के सभी अधिशासी अधिकारियों को गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के किनारे जन जागरूकता के लिए बोर्ड लगाने एवं खुले में शौच करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।