गाजीपुर। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ शनिवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में बैठक की। इस मौके पर यूरिया, डीएपी, एनपीके एवं एमओपी आदि उर्वरक के वितरण की समीक्षा की। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि 2 जुलाई को जिले में इफको की एक रैक जिसमें 1338 एमटी डीएपी प्राप्त हुई है। सभी साधन सहकारी समितियों के माध्यम से संबंधित विकास खंड के खंड विकास अधिकारियों के सत्यापन के बाद उसका वितरण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिला कृषि अधिकारी और सहायक निबंधक सहकारिता से कहा कि इन उर्वरकों को उन समितियों पर प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए, जिन समितियों पर यह समाप्त हो गया है अथवा समाप्ति की ओर हो। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अभी मैट्रिक्स डीएपी की एक रैक दो दिनों में प्राप्त होने वाली है जिसमें सहकारी और निजी क्षेत्र दोनों को डीएपी प्राप्त होगी जिसकी आवश्यकतानुसार सभी समितियों और निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर आपूर्ति कराई जाएगी। जिले में खरीफ फसलों की बुवाई को देेखते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई एवं नलकूप विभाग के अधिकारियों से कहा कि सभी नहरों के टेलों तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें। जो नलकूप विद्युत एवं यांत्रिक दोष से खराब हो गए हों उनको तत्काल ठीक कराते रहें। बैठक में उप कृषि निदेशक विजय कुमार, सहायक निबंधक विपिन कुमार सिंह आदि अधिकारी उपस्थित थे।