जंगीपुर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन जहां सक्रिय हो चुका है। वहीं मतदान स्थलों एवं मतगणना स्थलों को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। साथ ही पुलिस प्रशासन की टीम लगातार अपराधियों की धर-पकड़ में जुटी हुई है। जंगीपुर मंडी समिति में होने वाली मतगणना को देखते ही बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ रंगाई- पोताई, नाली, चाहर दीवारी और शेड के फर्श निर्माण की प्रक्रिया तेज हो चुकी है। करीब 23 लाख रुपये से शेड, नाली, कमरों की रंगाई-पोताई सहित अन्य कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे मतगणना के समय किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
जनपद में सात मार्च को सात विधानसभा क्षेत्रों के 3040 मतदेय स्थलों पर मतदान होगा। इसके लिए प्रत्येक मतदेय स्थलों को दुरुस्त कराने का कार्य तो चल ही रहा है। वहीं दस मार्च को होने वाले मतगणना को लेकर भी ठोस कदम उठाया जा रहा है। जंगीपुर मंडी समिति में होने वाले मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराना शुरू कर दिया। करीब 23 लाख रुपये से 52 कमरों की रंगाई-पोताई के अलावा क्षतिग्रस्त फर्श को दुरुस्त कराया जा रहा हैं। वहीं मंडी परिसर में स्थित चार शेड हैं, इसमें ही मतगणना होती है। ऐसे में इन चार शेड के फर्श और क्षतिग्रस्त शेडों को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा ईवीएम रखने के लिए 40 दुकानें सी टाईप एवं छह दुकानें बी टाईप की हैं, जिन्हें स्ट्रांग रूम बनाया जाता है। इनके मरम्मत को लेकर पूरी ताकत झोंक दी गई है। इसके अलावा विद्युतीकरण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। यही नहीं कार्य की प्रगति जाने के लिए जिलाधिकारी स्वंय टीम के साथ दो-तीन दिन पहुंचकर निरीक्षण करने साथ दिशा-निर्देश दे रहे हैं। ऐसे में बेहतर तरीके से कार्य कराने के लिए मंडी समिति जुटा हुआ है। इस संबंध में मंडी सचिव राजेश यादव ने बताया कि मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।