समग्र शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्टाइपेंड फॉर गर्ल्स योजना चलाई जा रही है। इसके तहत परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाली 570 दिव्यांग बालिकाओं को अधिकतम दस माह तक 200 रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा।
जिले में कुल 2266 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 1462 प्राथमिक, 350 उच्च प्राथमिक और 454 कंपोजिट विद्यालय हैं। इनमें 6538 दिव्यांग छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाली दिव्यांग बालिकाओं को 200 रुपये प्रतिमाह की दर से भत्ता दिया जाएगा। भत्ता प्राप्त करने के लिए उन्हें न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
प्रत्येक विकासखंड से पात्र दिव्यांग छात्राओं का चयन किया जाएगा। इसके बाद अनुमोदन के लिए इसे जिला स्तरीय कमेटी के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक मौजूदा सत्र में जिले की कुल 570 दिव्यांग बालिकाओं को भत्ता प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता ने बताया कि पात्र बालिकाओं का चयन किया जा रहा है। अब तक करीब चार सौ पात्र छात्राओं का चयन किया जा चुका है। डीबीटी के माध्यम से छात्राओं के अभिभावकों के खाते में निर्धारित धनराशि जल्द भेजी जाएगी।