धनतेरस पर आज शुक्रवार को जनपद के बाजारों में जबरदस्त रौनक रहेगी। धनतेरस से ही दिवाली की शुरुआत मानी जाती है और इसी दिन लोग शुभ कामों के लिए खरीददारी करना शुभ समझते हैं। त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने ग्राहकों के स्वागत की पूरी तैयारी कर ली है और बाजार सजकर तैयार हैं। धनतेरस के पर्व को लेकर ग्राहकों में भी काफी उत्साह है।
शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, स्टेशन रोड, लंका, बंशीबाजार, सिंचाई विभाग चौराहा, चीतनाथ, गांधीपथ, लालदरवाजा आदि बाजारों में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजकर तैयार दिखीं। इसके अलावा महाराजगंज, नंदगंज, सैदपुर, सादात, जखनिया, दुल्लहपुर, भीमापार, रेवतीपुर, भदौरा, गहमर, बारा, दिलदारनगर, जमानिया, मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, कठवामोड़, नोनहरा, जंगीपुर, बिरनो, मरदह, भड़सर आदि ग्रामीण इलाकों में भी दुकानदारों को बृहस्पतिवार की देर शाम तक पर्व को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए देखा गया।
मिठाइयों, सजावटी सामान, बर्तनों, गहनों, इलेक्ट्रॉनिक और वाहन शोरूम में ग्राहकों को लुभाने के लिए सजे-धजे हुए हैं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन की वजह से इस बार बिक्री में पिछले साल की तुलना में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है। त्योहार पर की जाने वाली यह खरीदारी न केवल परिवारों के लिए शुभ मानी जाती है बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी तेजी आती है। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार की बिक्री कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगी।
गहनों में चांदी और हार की सबसे ज्यादा मांग
गाजीपुर। स्वर्णकार संजय व राहुल ने बताया कि ग्राहकों का मिजाज देखकर पर्व में चांदी के आभूषण व सोने की हार की बिक्री अधिक होने की उम्मीद है। धनतेरस के पर्व को लेकर सोने व चांदी के हार कई रेंज व डिजाइनों में तैयार किया गया है। साथ ही सोने व चांदी के सिक्कों की भी अच्छी बिक्री होगी। इस बार भारी गहनों के बजाय छोटे-छोटे आइटम ज्यादा स्टॉक में रखे गए हैं, क्योंकि इन्हीं की मांग सबसे अधिक है।
बर्तन बाजार में तांबा और कांसा ग्राहकों की पहली पसंद
गाजीपुर। बर्तन प्रदीप कसौधन व हरिओम कश्यप ने बताया कि धनतेरस पर हर घर में बर्तन खरीदने की परंपरा रही है। यही वजह है कि बिक्री में हमेशा उछाल रहता है। इस बार लोग तांबा, कांसा और पीतल के बर्तन ज्यादा खरीद रहे हैं। एल्यूमिनियम के बर्तनों की बिक्री बहुत कम है। लोग पारंपरिक धातुओं को ही शुभ मानते हैं। स्टील के बर्तनों के बाद सबसे ज्यादा बिक्री इन्हीं धातुओं की हो रही है।
ऑटोमोबाइल बाजार भी इतराएगा
गाजीपुर। ऑटोमोबाइल कारोबार से जुड़े मुकेश कुमार व पंकज ने बताया कि अधिकांश वाहनों की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। त्योहार के मौके पर वाहन खरीदना शुभ माना जाता है और इसी वजह से शोरूमों पर ग्राहकों की पूछताछ और भीड़ बढ़ गई है। वाहन डीलरों का कहना है कि सालभर में सबसे ज्यादा बिक्री धनतेरस के दिन ही होती है।
विभागों ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
गाजीपुर। धनतेरस के पर्व को देखते हुए विभिन्न विभागों की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बिजली निगम की ओर से बकायदे कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता पीके सिंह ने बताया कि उनके कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आपूर्ति संबंधित दिक्कत होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर 9453047253 पर संपर्क कर सकते हैं। नगर पालिका ईओ डीके राय ने बताया कि सफाई व पेयजल को लेकर हेल्पलाइन नंबर 1533 पर संपर्क किया जा सकता है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आनंद मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के लिए हेल्पलाइन नंबर 0548-2970123 जारी किया गया है। एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कानून व्यवस्था को लेकर कोई भी 112 नंबर पर संपर्क कर सकता है।
बाजार में दिखी खाकी, भारी वाहनों पर लगा ब्रेक
गाजीपुर। एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि धनतेरस के पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में पुलिसकर्मियों की डयूटी लगा दी गई है। साथ ही शहर के व्यस्त इलाकों में भारी व चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है। कानून-व्यवस्था के लिहजार से महकमा पूरी तरह से अलर्ट है। लगातार गश्त की जा रही है।
इस मुहूर्त में करें सोना-चांदी की खरीदारी
गाजीपुर। शेरपुर के पंडित व ज्योतिषाचार्य पंडित मुनींद्रनाथ उपाध्याय ने बताया कि धनतेरस पर शाम का सबसे उत्तम मुहूर्त 06:02 बजे से शाम 07:58 बजे तक है। इस दौरान सोना-चांदी, बर्तन या अन्य शुभ वस्तुएं खरीदी जा सकती हैं। दोपहर में 11:48 बजे से 12:56 बजे तक खरीदारी की जा सकती है। वैसे सुबह 10:30 बजे के बाद त्रयोदशी तिथि आरंभ होने पर पूरे दिन शुभ चौघड़िया में खरीदारी की जा सकती है।