प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने जाने वालों में गजब का उत्साह है। आस्थावान तीर्थराज प्रयाग जाने के लिए जान सांसत में डालने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। इसकी तस्वीर जनपद में भी देखने को मिल रही है। ट्रेनों में खड़े होने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। ऐसे में श्रद्धालु पिकअप आदि वाहनों पर मचान बनाकर स्नान करने के लिए जाते नजर आ रहे हैं। जनपद के सभी रेलवे स्टेशनों पर भीड़ अधिक हो गई है।
यहां कोई जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा है तो कोई महाकुंभ से किसी तरह यहां तक पहुंचने के बाद आगे की यात्रा के लिए ट्रेन की प्रतीक्षा करता नजर आ रहा है। गाजीपुर सिटी स्टेशन पर ट्रेन से मंगलवार को दोपहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गाजीपुर आए। यहां ट्रेन का आखिरी पड़ाव होने के कारण यात्रियों की भीड़ प्लेटफाॅर्म दो पर बढ़ गई। दोपहर करीब दो बजे आई महाकुंभ स्पेशल ट्रेन पूरी तरह भरी थी।
ट्रेन में किसी तरह कुछ यात्री ही बैठ पाए। कुछ यात्री जान जोखिम में डालकर प्लेटफाॅर्म एक के रेलवे ट्रैक से होकर गए और किसी तरह बैठाने का अनुरोध करते दिखे। प्लेटफाॅर्मं नंबर एक से अपराह्नन तीन बजे जाने सुहेलदेव एक्सप्रेस के इंतजार के लिए यात्री दोपहर 12.30 बजे से ही बैठे नजर आए। हालांकि यह ट्रेन शाम सात बजे के बाद आई।
वहीं, गाजीपुर से जौनपुर सिटी जाने वाली मेमू ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से भेजी गई। यही स्थिति गोदिया एक्सप्रेस ट्रेन की रही, जो निर्धारित समय से करीब 45 मिनट बाद गाजीपुर स्टेशन से होकर गुजरी।
यही स्थिति दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर भी रही, जहां भीड़ अधिक होने के कारण यात्री ट्रेनों पर चढ़ नहीं पाए। वहीं, प्रयागराज जाने के लिए बड़ी संख्या में सड़क मार्ग से भी श्रद्धालु जा रहे हैं। इनमें करीब दो से तीन प्रतिशत ऐसे वाहन दिख रहे हैं, जिन्हें मॉडिफाई करा दिया गया है।