बीडीओ ने बैठक से प्रतिनिधियों को किया बाहर
संवाद न्यूज एजेंसी
मनिहारी। ब्लाॅक सभागार में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लाक प्रमुख मुन्नी लाल की अध्यक्षता में हुई। ब्लाॅक प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र पंचायत का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता होगी। विकास खंड को माॅडल विकास खंड बनाने में सभी कर्मचारियों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का सहयोग आवश्यक है।
बैठक शुरू होते ही खंड विकास अधिकारी अनुराग राय ने बैठक में केवल क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों को बैठने की बात कही और प्रतिनिधियों को सभागार से बाहर चले जाने को कहा। इसपर ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रतिनिधि बाहर चले गए।
बैठक को बीडीओ ने क्षेत्र पंचायत से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पिछली बैठक में वाद-विवाद हो जाने के कारण कार्यवाही पूरी नहीं हो पाईं थीं। इस बार सभी सदस्यों के सकारात्मक विचार आए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के चलते गांवों में विकास होता है। नाली, इंटरलॉकिंग, आरसीसी पौधरोपण के माध्यम से गांवों में नई क्रांति आई है।
बाल संरक्षण अधिकारी अरुण कुमार दूबे ने बताया विकास खंड में 266 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होते है। जिसमें छह माह के 746 बच्चे, सात माह से तीन वर्ष तक के 10362 बच्चे, और तीन वर्ष से छह वर्ष तक के 9835 बच्चे पंजीकृत हैं। वहीं गर्भवती महिलाओं की संख्या दो हजार और धात्री महिलाओं की संख्या 916 है। पूरे ब्लाक में तीव्र कुपोषित बच्चों की संख्या 202 है।
सीडीपीओ ने बताया कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को निर्देशित कर दिया गया है कि समय से केंद्र खोले और बच्चों को मन से पढ़ाने के साथ ही लाभार्थियों को पुष्टाहार का वितरण समय से देना सुनिश्चित करें। ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष राकेश सिंह अंशु, पूर्व ब्लाक प्रमुख आजाद कन्नौजिया, नरेंद्र यादव, रमेश सिंह चौहान, रामअवध राम, बुद्धिराम यादव मौजूद रहे।