पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रस्तोगी गली स्थित एक मकान में खड़ी स्कूटी में बुधवार की भोर में एक युवक ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे आसपास पड़ा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद से युवक घर और दुकान फूंकने की लगातार धमकी दे रहा था। इस बाबत एक सप्ताह पूर्व उन्होंने इसकी सूचना कूड़ा बाजार पुलिस चौकी पर भी दी थी। पुलिस नहीं सुनी और युवक ने घटना को अंजाम दे दिया।
मुगलसराय कोतवाली के पीडीडीयू नगर स्थित रस्तोगी गली निवासी संतुमल की लाल बहादुर शास्त्री क्रय विक्रय केंद्र में चाय नाश्ते की दुकान है। उनकी रिश्तेदारी का गौरव नामक युवक वहां दुकान पर काम करता है। संतुमल के पुत्र अजय ने बताया कि गौरव का जावेद नाम के एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जावेद उनकी दुकान पर अक्सर चाय पीने आता था। विवाद के बाद जावेद, गौरव को लगातार धमकी दे रहा था। अजय ने बताया जब यह बात उन्हें पता चली तो उन्होंने फोन पर जावेद से बात की। इस दौरान जावेद ने उन्हें घर और दुकान फूंकने की धमकी दी। इसकी शिकायत उन्होंने कूड़ा बाजार पुलिस चौकी पर की।
आरोप लगाया कि जावेद कई बार उनके घर के आसपास चक्कर भी लगाता था। उसने कुछ लड़कों के साथ मिलकर गौरव को मारने-पीटने के लिए घेर लिया था। बुधवार की भोर में लगभग तीन बजे आरोपी युवक ने उनके घर के अंदर खड़ी स्कूटी पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया। हालांकि तब तक स्कूटी पूरी तरह से जलकर राख हो गई थी। घटना की जानकारी होने के बाद दिन में लगभग 11 बजे मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जावेद नामक युवक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।