घायल सीआईएसएफ जवान राघवेश यादव और उनके परिजनों से मुलाकात करते सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश
भांवरकोल थाना क्षेत्र के सुखडेहरा गांव में सीआईएसएफ कर्मी राघवेश यादव और उनके चचेरे भाई पंकज यादव पर जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। रविवार को पीड़ित परिवार ने सपा जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। अखिलेश यादव ने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उनके निर्देश पर सपा नेताओं ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मिलकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
आरोप के अनुसार, सुखडेहरा गांव निवासी सीआईएसएफ जवान राघवेश यादव और उनके चचेरे भाई पंकज यादव पर गांव के हिस्ट्रीशीटर आशुतोष राय और सर्वेश राय ने राइफल से जानलेवा हमला किया था। इस घटना में पंकज यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मुहम्मदाबाद विधायक सुहैब अंसारी, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव और डॉ. विकास यादव ने घायल राघवेश यादव व उनके परिवार के साथ अखिलेश यादव से मुलाकात की। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सभी ने पीड़ित परिवार के साथ लखनऊ में डीजीपी से मुलाकात कर मामले में प्रभावी कार्रवाई और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
सुखडेहरा गोलीकांड: पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
सुखडेहरा गोलीकांड में पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। लगातार दबिश देने के दावों के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में सीआईएसएफ जवान राघवेश सिंह यादव और उनके चचेरे भाई पंकज सिंह यादव को गोली लगी थी।
बीते 13 अक्तूबर की शाम थाना क्षेत्र के जसदेवपुर मोड़ के पास रास्ते को लेकर हुई कहासुनी के बाद फायरिंग की गई, जिसमें राघवेश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि पंकज यादव के सीने में गोली लगी। गंभीर हालत में पंकज को वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। वहीं थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि इस मामले में सुखडेहरा निवासी आशुतोष राय उर्फ बिट्टू और सर्वेश राय उर्फ सिट्टू सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।