थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में घर निर्माण के दौरान एक परिवार के तीन लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बहादुरपुर निवासी इमिरती देवी पत्नी कपिलदेव राम ने पुलिस को बताया कि वह मकान का निर्माण करवा रही थीं। बीते 25 अप्रैल की दोपहर करीब 2. 30 बजे गांव के ही कुछ लोग एकजुट होकर लाठी-डंडा से लैस होकर इमिरती देवी और उनके परिवार पर हमला कर दिए। हमले में इमिरती देवी को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पति कपिलदेव के बाएं हाथ, कमर और सिर में भी गंभीर चोट आई है। जबकि पुत्रवधू भी घायल हो गई। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना की सूचना पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर की पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पीड़िता इमिरती देवी ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है।