दुल्लहपुर। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बलभद्र तिराहे पर सोमवार की देर रात चुनावी रंजिश में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे एक युवक पर बाइक सवार हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हमलावरों ने दो राउंड फायरिंग भी की लेकिन युवक बाल-बाल बच गया। घायल के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
घायल हेमंत यादव (21) के पिता अच्छेलाल यादव ने पुलिस को तहरीर देकर में बताया कि हमलावर भी जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वे पहले भी हेमंत को धमकी दे चुके थे कि वह चुनाव न लड़े और उन्हें निर्विरोध विजयी होने दे। बताया कि हेमंत बाइक से जखनिया से मर्दानपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। तभी दर्जनों की संख्या में बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक कर घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप लगाया कि हमलावरों ने मारने-पीटने के बाद दो राउंड फायरिंग भी की लेकिन संयोगवश उनका बेटा बाल-बाल बच गया। घायल हेमंत को जखनिया सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।