गाजीपुर सैदपुर थानाक्षेत्र के टोडरपुर गांव में मंगलवार की दोपहर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ससुराल के मकान में रहने को लेकर जीजा-साले में विवाद हो गया। इस दौरान चली गोली से साला और बीचबचाव करने आया पड़ोसी घायल हो गए। सैदपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
टोडरपुर निवासी लीलावती यादव अपने बेटे रामबाबू यादव और राहुल यादव के साथ रहती हैं। उनके मकान में उनकी शादीशुदा बेटी अंबालिका यादव भी आकर रहती हैं।
तीन माह से अंबालिका के पति करंडा निवासी दिनेश यादव उर्फ बबलू भी आकर रहने लगे। लीलावती के बेटे रामबाबू यादव ने इसका विरोध किया। इसे लेकर मंगलवार को कहासुनी होने लगी। आरोप है कि दिनेश यादव ने फोन कर अपने सहयोगियों को बुला लिया।
उन्होंने यहां आकर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली रामबाबू यादव (32) के पेट में लगी। बताया जा रहा है कि गोली अंदर फंस गई है। वहीं, बीचबचाव करने पहुंचे पड़ोसी पीयूष यादव (26) के हाथ में भी एक गोली लग गई। दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आया गया, जहां से रामबाबू को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। घायल रामबाबू यादव के परिजन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर चले गए। वहीं पीयूष यादव का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में चल रहा है। तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।