औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के नई सड़क मुहल्ले से टॉकिज जाने वाले मार्ग स्थित निर्माणाधीन मकान के सामने करीब चार से पांच फीट गड्ढे में सोमवार की देर रात रेलकर्मी का शव मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके ललाट पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पुत्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गड्ढे में गिरकर पिता की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
गड्ढे में लहूलुहान व्यक्ति दिखाई पड़ने पर भीड़ जुट गई। लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद मृतक की शिनाख्त सैदपुर नगर क्षेत्र के हामिद नगर निवासी रेलकर्मी रमेश रावत (58) के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों के आने के बाद कागजी कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक रेलकर्मी के पुत्र धीरज ने तहरीर देकर बताया कि पिता रमेश रावत की गड्ढे में गिरकर मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। इसके बाद आगे कार्रवाई होगी।
-
ठेले से रेलकर्मी को लेकर पहुंचे सीएचसी
औड़िहार। गड्ढे में रेलकर्मी पड़ा था। लोगों ने बताया कि रेलकर्मी को ठेले से रात में सीएचसी ले गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में एंबुलेंस को सूचना नहीं दी गई थी।
-
हत्या की रही चर्चा
औड़िहार। नई सड़क मुहल्ले से पंकज टॉकीज जाने वाल मार्ग स्थित घरों में रहने वाले लोगों में पूरे दिन चर्चा थी कि रेलकर्मी ड्यूटी कर घर लौट रहा था। सैदपुर चंदौली पुल पर उतरकर सब्जी मंडी पहुंचा। वहां से पैदल घर जा रहा था कि कुछ दूरी पर कहासुनी हो रही थी। वह वहां खड़ा हो गया। इसी दौरान किसी ने उसके ललाट पर हथियार से वारकर दिया था। इसके बाद रेलकर्मी कुछ दूरी पर आगे बढ़ा और गड्ढे में जा गिरा।
-