सादात रेलवे स्टेशन पर इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद खड़ी दादर एक्सप्रेस ट्रेन। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
गोरखपुर से मुंबई जा रही 5018 अप दादर एक्सप्रेस का इंजन बृहस्पतिवार को सादात रेलवे स्टेशन पर फेल हो गया। इंजन फेल होने के कारण ट्रेन स्टेशन पर लगभग डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। रेलवे की ओर से इंदारा जक्शन से दूसरा इंजन भेजा गया लेकिन उस इंजन के यहां पहुंचने से पहले ही दादर ट्रेन के इंजन में आई खराबी को ट्रेन के ड्राइवर एवं उसके सहयोगी ने ठीक कर लिया। इसके बाद ट्रेन उसी इंजन से आगे के लिए रवाना हो गई। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सादात रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब दस बजे अपने निर्धारित समय पर दादर एक्सप्रेस पहुंची। दो मिनट के ठहराव के बाद जब ट्रेन को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किया गया तो ट्रेन का इंजन आगे नहीं बढ़ा। ड्राइवर ने तत्काल ट्रेन के इंजन में गड़बड़ी की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद इंदारा रेलवे जंक्शन से दूसरा इंजन सादात के लिए भेजा गया। सादात रेलवे स्टेशन पर दूसरे इंजन के आने कुछ ही मिनट पूर्व दादर एक्सप्रेस का इंजन ठीक हो गया। इसके लिए ड्राइवर और उसके सहयोगियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इंजन बनते ही ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हो गई और दूसरे आए इंजन को वापस भेज दिया गया। ट्रेन के रवाना होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। स्टेशन मास्टर राजनारायण ने बताया कि एक घंटा बीस मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। इसके चलते अन्य ट्रेनों के परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।