जमानिया। कोतवाली के मतसा-महेवा मार्ग स्थित खेत में मंगलवार को अज्ञात कारणों से आग लगने से चार किसानों की छह बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने आग पर किसी तरह से काबू पाया।
पककर तैयार गेहूं की खड़ी फसल से धुआं निकलता दिखाई देख ग्रामीण खेत की ओर दौड़ पड़े और घटना की सूचना दमकल को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम और ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक करीब छह बीघा गेहूं कि खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई थी। घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा सहित राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन किया। इस आगजनी में श्याम नारायण राय की एक एकड़, जयप्रकाश राय की 14 बिस्वा, दीनानाथ राय की डेढ़ बीघा और विजय बहादुर राय की लगभग तीन मंडा सहित करीब छह बीघे की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस संबंध में तहसीलदार घनश्याम ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट आख्या के अनुसार मुआवजे की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।