बरेसर और करीमुद्दीनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में एक वांछित आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से एक पिस्टल, दो खोखे और एक कारतूस बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष बरेसर संतोष कुमार पाठक और प्रभारी निरीक्षक करीमुद्दीनपुर वीरेंद्र कुमार बरवार शिउरी अमहट के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान असावर की तरफ से एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया। मोहम्मदाबाद सीओ चोब सिंह के मुताबिक बाइक सवार को रोकने का इशारा किया गया तो वह मोटरसाइकिल मोड़कर बलिया की तरफ भागने लगा। पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार का पीछा किया। तिराहीपुर सिधागरघाट के समीप मुबारकरपुर जुगनू गांव ढलान पर बाइक सवार फिसलकर गिर गया और पुलिस पर फायर करने लगा। पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर में लगी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में उसने अपना नाम राजू यादव (22) निवासी ग्राम अमहट थाना बरेसर बताया। आरोपी पर बरेसर, करीमुद्दीनपुर के अलावा चंदौली जिले के थानों में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।