कोतवाली क्षेत्र के पावर हाउस गेट पर गुरुवार की शाम बोलेरो सवार युवकों ने लाठी-डंडे से पीटकर पूर्व प्रधान के चालक एवं अधिवक्ता को घायल कर दिया। ग्रामीणों के पीछा करने पर युवक बोलेरो छोड़कर भाग निकले। पूर्व प्रधान ने आधा दर्जन अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के कुशी गांव के पूर्व प्रधान हरवंश यादव अपनी स्कार्पियो से जमानिया बाजार में गुरुवार को दिन में आए थे। पावर हाउस के सामने वाहन खड़ा कराकर पूर्व प्रधान सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो आई और स्कार्पियो के पीछे रोक दिया। इस बात को लेकर हरवंश के चालक अमरनाथ ने बोलेरो चालक से पीछे करने को कहा।
इस पर बोलेरो में सवार आधा दर्जन युवक हाथ में लाठी-डंडा लेकर वाहन से नीचे उतरे और अमरनाथ को पीटने लगे। बगल में खड़े एक अधिवक्ता शशिभूषण सिंह वहां पहुंचकर बीच-बचाव करने लगे। युवकों ने उन्हें भी लाठी-डंडे से पीट दिया। यह देख बाजार के लोगों ने लाठी-डंडा लेकर पूर्व प्रधान के साथ बोलेरो सवार युवकों को दौड़ा लिया। युवक बोलेरो छोड़कर भाग निकले। गुस्साए लोगों ने बोलेरो का शीशा तोड़ दिया।
क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्र मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। बोलेरो को कोतवाली लाया गया। इस संबंध में पूर्व प्रधान ने आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।