ज्यों -ज्योें पारा लुढ़क रहा है ठंड जानलेवा होती जा
रही है। शनिवार को जिले के रेवतीपुर तथा दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में दो
लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि रेवतीपुर थाना क्षेत्र के
रामवृक्षपुरा गांव स्थित शिव मंदिर के पुजारी गोदावरी बाबा (75) शनिवार की
सुबह नाश्ता करने के बाद मंदिर पर मौजूद थे।
अचानक उनके पेट में तेज दर्द
शुरू हुआ। इस दौरान उन्हें कंपकंपी भी आ रही थी। क्षेत्रीय लोग उन्हें इलाज
के लिए जिला अस्पताल लाए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत
घोषित कर दिया। इसी प्रकार दुल्लहपुर संवाददाता के अनुसार जलालाबाद निवासी
संदीप मद्धेशिया (50) की बीते शुक्रवार की रात ठंड लगने से हालत बिगड़ गई।
उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे
वाराणसी ले जाने की सलाह दी। परिवारीजन उसे अस्पताल से लेकर घर चले आए।
शनिवार की सुबह उसे वाराणसी ले जाने की तैयारी की जा रही थी, कि उसकी मौत
हो गई। पिछले दिनों से अब तक जिले में ठंड से कुल आठ लोगों की मौत हो चुकी
है लेकिन प्रशासन इन मौतों के पीछे कुछ और ही वजह मान रहा है।