क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह गंगौली मोड़ के पास से पत्नी के हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक बाइक एवं दो मोबाइल बरामद किया है।
बीते 28 अप्रैल को थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी शिवपूजन मौर्य की पुत्री हेमलता की गांव के एक टावर के पास गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने इसका खुलासा करने का निर्देश दिया था। क्राइम ब्रांच प्रभारी टीबी सिंह एवं थानाध्यक्ष नेहार नंदन पुलिस टीम के साथ सुबह गंगौली मौड़ पर पहुंचे और उसके पति धर्मेन्द्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
धर्मेन्द्र ने पूछताछ में बताया कि उसका संबंध हेमलता की ममेरी बहन से था। उसकी पत्नी उसे पसंद नहीं थी। उससे उसका मनमुटाव रहता था। इसलिए उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना अपने मित्र बैरान गांव निवासी उपेन्द्र यादव के साथ बनाई। धर्मेन्द्र करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पातेपुर पैकवली गांव का रहने वाला है और उड़ीसा में प्राइवेट फैक्ट्री में कार्य करता है।
उसने बताया कि वह 26 अप्रैल को उड़ीसा में अपना मोबाइल स्विच आफ कर गाजीपुर आ गया। बलिया से नया सिम एवं मोबाइल खरीदकर अपने मित्र उपेन्द्र के साथ 28 अप्रैल की रात ससुराल आया। अपनी पत्नी को मिलने के बहाने फोनकर टावर के पास बुलाया। वहां पत्नी के पहुंचते ही उसने गला दबाकर उसे मार डाला और दोनों वहां से भाग निकले। बक्सर के पास गंगा में मोबाइल और सिम को फेंक दिया। इससे पहले उसने अपनी पत्नी के मोबाइल का सारा नंबर डिलीट कर दिया था जिससे नंबर का पता न चल सके। घटना के खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को पांच हजार के ईनाम की घोषणा की है।