सोमवार को शिव चौक के नजदीक पुलिस नाके पर तैनात एएसआई शराब के नशे में धुत्त मिला। एक धोबी से उलझने के बाद समझाने गए लोगों पर रायफल तान दी। मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि होने के बाद शहर थाना प्रभारी ने रिपोर्ट एसपी सिरसा को भेज दी है।
सोमवार सुबह एएसआई शेषपाल सहारण रिक्शा पर सवार होकर दुर्गा मंदिर के नजदीक स्थित एक ड्राईक्लीनर्स पर पहुंचा। दुकान पर मौजूद हैप्पी को छह कपड़े पकड़ाते हुए तुरंत ही प्रेस करने के लिए कहा। दुकानदार ने समय लगने की बात कही तो नशे में धुत्त एएसआई उस पर बिगड़ गया। उसे धमकी दी कि वह नाका क्रॉस करके देख, मैं कौन हूं, पता चल जाएगा। पुलिस वाले की धमकी से बुरी तरह से घबराए हैप्पी ने इसकी जानकारी पड़ोसी दुकानदारों को दी।
एएसआई से बातचीत करने के लिए मल्ली ग्रोवर, सुखदेव सिंह मान, प्रेम कुमार, राकेश मित्तल, ओमप्रकाश हलवाई, रोहित, विनय नाके पर पहुंचे। चारपाई पर लेटकर ड्यूटी कर रहे शेषपाल सहारण से दुकानदार को क्षमा करने की गुहार लगाई। आरोप है कि वह नाके पर स्थित कमरे में पड़ी अपनी रायफल उठा लाया। धमकी दी कि चौटाला गांव का हूं, हमारा राज रहेगा। डबवाली में अब भी मेरा राज है। एएसआई का रवैया देख लोगों ने इसकी शिकायत शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह से की। थाना प्रभारी के निर्देश पर गोल बाजार पुलिस चौकी के कार्यकारी प्रभारी मल सिंह मौका पर पहुंचे। उन्होंने एएसआई की रायफल को कब्जे में कर लिया। वे मेडिकल जांच के लिए एएसआई शेषपाल को सिविल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने उसके शराब पी होने की पुष्टि की। शहर थाना प्रभारी ने उपरोक्त एएसआई की मेडिकल जांच रिपोर्ट जिला पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता को भेजी है।
नाके पर तैनात शेषपाल सहारण के खिलाफ शिकायत मिली थी। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि उसने शराब पी हुई थी। रिपोर्ट को आगामी कार्रवाई के लिए एसपी सिरसा के पास भेजा गया है।
-सुखदेव सिंह, प्रभारी, शहर थाना, डबवाली
थाना प्रभारी की रिपोर्ट आई है। रिपोर्ट का अवलोकन किया जाएगा। क्या कमेंट किया गया है, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सतेंद्र गुप्ता, एसपी, सिरसा