गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में परीक्षा परिणाम लेने गई छात्रा को प्रबंधक ने प्रेम पत्र थमा दिया। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
इलाके की छात्रा कक्षा नौ में पढ़ती है। वह दो नवंबर को परीक्षा परिणाम लेने विद्यालय गई थी। छात्रा के अनुसार, उसने प्रबंधक डॉ. विजय यादव से जब रिजल्ट मांगा तो उसने एक पत्र पकड़ा दिया। जब छात्रा ने पूछा कि गुरु जी यह क्या है, तो उसने प्रेम पत्र बताते हुए इसका जवाब मांगा।
इस पर छात्रा रोती हुई घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य थाने पहुंचे। वहां प्रबंधक के खिलाफ तहरीर देने के साथ सीएम पोर्टल पर भी शिकायत की। सीएम पोर्टल पर शिकायत की जानकारी होते ही पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रबंधक की तलाश शुरू कर दी गई है।